एटा: जिले में आम लोगों की शिकायतों के त्वरित और पारदर्शी निस्तारण के लिए जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने नई व्यवस्था लागू की है। अब जनता दर्शन में आने वाले फरियादियों को अपनी शिकायत लेकर अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
नई व्यवस्था के तहत जिलाधिकारी जनता दर्शन के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को सीधे जोड़ेंगे और शिकायतकर्ता की मौजूदगी में ही उनसे कार्रवाई की जानकारी लेंगे। यदि शिकायत लंबित होगी तो मौके पर ही आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे।
डीएम के निर्देशानुसार, सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक सभी जिला स्तरीय अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर आम जनता की समस्याएं सुनेंगे और उनके समयबद्ध निस्तारण की प्रक्रिया सुनिश्चित करेंगे।
जनता दर्शन के दौरान शिकायतकर्ता के सामने ही जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक समाधान हो सके।
जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक शिकायत का समय पर और प्रभावी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
रिपोर्ट: कुनाल सिंह सोलंकी
स्थान: एटा
