एटा। राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के खेरपुरा गांव में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
पीड़ित सुरेंद्र सिंह के अनुसार, घटना के समय परिवार के सदस्य घर के घेर (दूसरे हिस्से) में सो रहे थे, जबकि मुख्य मकान बंद था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मकान के ताले तोड़ दिए और अंदर रखी अलमारी व बक्सों को खंगाल डाला।
पीड़ित का कहना है कि चोर घर से सोने-चांदी के जेवरात और करीब 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। वहीं परिवार का दावा है कि चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है। सुबह जब परिवार के लोग मकान में पहुंचे तो ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
सीओ अलीगंज ने बताया, “घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। घटना के संबंध में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहनता से जांच की जा रही है।”
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
