एटा। जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र के मितौलिया गांव में चोरों ने देर रात एक घर को निशाना बनाते हुए दीवार काटकर भीतर प्रवेश किया और लाखों रुपये की नकदी व जेवरात चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पीड़ित परिवार के अनुसार, घर में दो भाइयों के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी रखी हुई थी। चोर इन्हीं कीमती सामान को लेकर फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और चोरी के संबंध में जांच शुरू कर दी।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही संभावित सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
