दमोह: मध्यप्रदेश के दमोह जिले के पटेरा विकासखंड स्थित राजा बंदी छात्रावास में बुधवार शाम अचानक छप्पर गिरने से आठ छात्राएं घायल हो गईं। हादसे के बाद छात्रावास में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायल छात्राओं को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पटेरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो छात्राओं को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल दमोह रेफर किया गया।
घायल छात्राओं में रश्मि अहिरवार, अनामिका लोधी, लक्ष्मी अहिरवार, शिक्षा सेन, लक्ष्मी बर्मन, ज्योति सिंह, काजल अहिरवार और बबली पटेल शामिल हैं। इनमें दो छात्राओं की हालत गंभीर होने पर 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पटेरा तहसीलदार, थाना प्रभारी तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने छात्रावास पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जनप्रतिनिधियों ने भी अस्पताल पहुंचकर घायल छात्राओं का हालचाल जाना।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि राजा बंदी छात्रावास का छप्पर इससे पहले भी कई बार गिर चुका है। उनका कहना है कि भवन की जर्जर स्थिति को लेकर विभाग को कई बार शिकायतें और लिखित आवेदन दिए गए थे, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई।
घटना के बाद छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस बीच जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण फुलपगारे ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राजा बंदी छात्रावास की वार्डन सीता स्वामी तिवारी को निलंबित कर दिया है। वहीं प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
