मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जनपद के करहल थाना क्षेत्र में घरेलू हिंसा से जुड़ा एक मामला सामने आया है। पीड़िता ने न्यायालय के आदेश के अनुपालन में पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग करते हुए ससुराल पहुंचाने की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, थाना करहल क्षेत्र के सर्फा बाजार निवासी पूनम, पत्नी आशीष देव एवं पुत्री महावीर सिंह ने थाना प्रभारी करहल को एक शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपा है। प्रार्थना पत्र में उन्होंने बताया कि 25 जून 2026 को न्यायालय ने घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम की धारा 19 के तहत उन्हें वैवाहिक आवास (ससुराल) में रहने का अधिकार प्रदान किया था।
न्यायालय ने अपने आदेश में संबंधित पक्षों को निर्देश दिया था कि वे पीड़िता को भरण-पोषण की निर्धारित धनराशि उपलब्ध कराएं तथा घर में शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करें। आदेश में घरेलू हिंसा अधिनियम की धारा 18 एवं धारा 19 के प्रावधानों का भी उल्लेख किया गया है।
पीड़िता का कहना है कि वह 1 सितंबर 2026 को न्यायालय के आदेश का पालन कराने के लिए अपने परिजनों और पुलिस बल की मौजूदगी में ससुराल जाना चाहती हैं। उनका कहना है कि बिना पुलिस सुरक्षा के उन्हें किसी अप्रिय घटना की आशंका है।
इसी को लेकर पूनम ने पुलिस प्रशासन से अनुरोध किया है कि उन्हें पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराते हुए उनके वैवाहिक घर तक सुरक्षित पहुंचाया जाए, ताकि न्यायालय के आदेश का प्रभावी पालन हो सके और वे बिना किसी भय के अपने ससुराल में रह सकें।
फिलहाल मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग पर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
रिपोर्ट: आफताब अल्वी
स्थान: मैनपुरी, उत्तर प्रदेश (4TV News)
