जालौन। जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने बुधवार को एआरटीओ (ARTO) कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। डीएम के अचानक पहुंचने से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न पत्रावलियों, अभिलेखों और दस्तावेजों की गहन जांच की तथा लंबित कार्यों और रिकॉर्ड की समीक्षा की। उन्होंने वाहनों की फिटनेस प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया और स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम अरविंद सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और जनहितैषी बनाया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी कर्मचारी द्वारा आमजन का उत्पीड़न या अनावश्यक रूप से परेशान करने की शिकायत मिली, तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनता को बेहतर और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
