Death of female leopard creates sensation in Burhanpur
जिले के शाहपुर वन परीक्षेत्र अंतर्गत इच्छापुर सर्कल के नागोनी क्षेत्र में मादा तेंदुए की संदिग्ध मौत से वन विभाग में हड़कंप मच गया। शुक्रवार को जंगल क्षेत्र में तेंदुए का शव मिलने की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया। घटना के बाद वन विभाग अब तेंदुए की मौत के कारणों की जांच में जुट गया है।
जानकारी के अनुसार गर्मी बढ़ने के साथ ही जंगलों में पानी और भोजन की कमी होने लगी है, जिसके चलते जंगली जानवर लगातार ग्रामीण क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं। इसी बीच नागोनी क्षेत्र में एक मादा तेंदुए का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद डीएफओ विद्याभूषण सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे। रातभर वन विभाग का अमला घटनास्थल पर मौजूद रहा और क्षेत्र की निगरानी की गई।
रविवार को विशेष पशु चिकित्सकों की टीम ने वन विभाग की मौजूदगी में मादा तेंदुए का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम किया। डीएफओ विद्याभूषण सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मृत तेंदुआ मादा है और उसके सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि तेंदुए की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पोस्टमार्टम प्रक्रिया के बाद तहसीलदार एवं वन अधिकारियों की उपस्थिति में तेंदुए का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इस दौरान एसडीओ विक्रम सिंह सुलया, शाहपुर रेंजर, वनपाल रानू मिश्रा, प्रशांत सालबदे, आकाश चौधरी, अभिषेक शर्मा, गोरेलाल चौहान सहित वन विभाग का अन्य स्टाफ मौके पर मौजूद रहा। मादा तेंदुए की मौत ने वन्यजीव संरक्षण और जंगलों में बढ़ते जल संकट को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
