Dead Snake Found in Gwalior Water Tank, Residents Raise Questions Over Civic Negligence
Gwalior Municipal Corporation की लापरवाही एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। शहर के वार्ड क्रमांक 10 स्थित घासमंडी मिर्जापुर मस्जिद इलाके की पानी की टंकी में मरा हुआ सांप मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि इस टंकी से करीब 19 हजार लोगों को पानी की सप्लाई होती है और पिछले कई दिनों से लोग इसी पानी का उपयोग कर रहे थे। घटना सामने आने के बाद क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
टंकी की सफाई नहीं होने का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पानी की टंकी की लंबे समय से सफाई नहीं कराई गई थी, जिसके कारण गंदगी जमा हो गई। अब टंकी के अंदर मरा हुआ सांप मिलने से लोगों में दहशत फैल गई है।
रहवासियों का कहना है कि दूषित पानी की वजह से इलाके में बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है और निगम प्रशासन इस गंभीर समस्या को लेकर लापरवाह बना हुआ है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक लकड़ी की मदद से पानी की टंकी के अंदर से मरे हुए सांप को बाहर निकालता दिखाई दे रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों में गुस्सा और बढ़ गया है। क्षेत्रवासियों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और पानी की गुणवत्ता की तत्काल जांच की मांग की है।
निगम अधिकारियों की चुप्पी पर सवाल
मामला सामने आने के बाद भी नगर निगम अधिकारियों की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद अब तक टंकी की सफाई और पानी की जांच को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
इलाके के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
