Daylight Firing And Vandalism In Satna, Armed Miscreants Caught On Camera
सतना में दिनदहाड़े फायरिंग और तोड़फोड़, घर पर हमला कर फरार हुए आरोपी
सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में दिनदहाड़े फायरिंग, पथराव और तोड़फोड़ की घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी। कोलगवां थाना क्षेत्र के घूरडांग इलाके में कुछ युवकों द्वारा एक घर को निशाना बनाए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक हथियार लहराते और हंगामा करते दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब चार बजे हर्ष प्रताप सिंह सोमवंशी अपने दोस्तों पंकज तिवारी और यशराज त्रिपाठी के साथ घर पर मौजूद थे। तभी बाहर से गाली-गलौज की आवाजें सुनाई दीं। जैसे ही वे बाहर निकले, उन पर कथित तौर पर पत्थर फेंके जाने लगे। हालात बिगड़ते देख तीनों वापस घर के अंदर चले गए।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने हथियार लहराते हुए फायरिंग भी की। हालांकि गोली किसी व्यक्ति को नहीं लगी, लेकिन एक गोली घर के गेट से टकराने की बात सामने आई है। इसके बाद आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी बाइक और स्कूटी में भी जमकर तोड़फोड़ की।
बताया जा रहा है कि आसपास के लोगों की भीड़ जुटने और हलचल बढ़ने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना में हर्ष प्रताप सिंह के पैर में चोट आने की भी जानकारी सामने आई है। पीड़ित पक्ष ने थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार, घटना से जुड़े वीडियो और शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन और फायरिंग जैसी घटनाएं आम नागरिकों में भय का माहौल पैदा कर रही हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
