दतिया: मध्यप्रदेश के दतिया जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहा प्रदर्शन शुक्रवार तड़के उग्र हो गया। सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच पुलिस और प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर हाईवे खाली कराने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शन जारी रहने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
पुलिस के अनुसार, कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहनों को पलटने का प्रयास किया, जिसके बाद हालात बिगड़ गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों की ओर से हाईवे पर पथराव किए जाने और पुलिस बल पर हमला करने की बात भी सामने आई।
भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। घटना में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई लोगों को हिरासत में लिया है।
फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया है। घटना की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
