औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र स्थित मुरादगंज मुख्य चौराहे पर रविवार को एक स्वीट हाउस में सिलेंडर विस्फोट होने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, शिव शंभू स्वीट हाउस में अचानक सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया गया।
घायलों में गौरव, शिवम और विपिन की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि अतुल का उपचार अस्पताल में जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा, अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह और क्षेत्राधिकारी अजीतमल शैलेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले को राजकीय मेडिकल कॉलेज में मास कैजुअल्टी के रूप में दर्ज किया गया। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने भी पूरे घटनाक्रम की निगरानी की।
हादसे के बाद सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें कथित तौर पर घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के इस्तेमाल और कर्मचारियों द्वारा सिलेंडर हटाते हुए दिखने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इन वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
प्रारंभिक जानकारी में घायलों में एक नाबालिग के शामिल होने की भी बात सामने आई है। यदि जांच में नाबालिग से काम कराए जाने की पुष्टि होती है, तो श्रम विभाग नियमानुसार कार्रवाई कर सकता है।
फिलहाल फायर विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से जांच कर रहे हैं। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि दुकान में घरेलू या व्यावसायिक गैस सिलेंडर का इस्तेमाल किया जा रहा था, फायर सेफ्टी मानकों का पालन किया गया था या नहीं, तथा हादसे के लिए किसी प्रकार की लापरवाही जिम्मेदार थी या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : आशुतोष अवस्थी
स्थान : औरैया (उत्तर प्रदेश)
