एटा (उत्तर प्रदेश): एटा जिले के बागवाला थाना क्षेत्र के बेंदुला गांव में एक बार फिर मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। गांव की गलियों में मगरमच्छ के घूमने की सूचना मिलते ही लोगों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और एसआई पिंकी की निगरानी में रेस्क्यू अभियान चलाकर मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
गौरतलब है कि करीब एक महीने पहले भी इसी गांव के धान के खेत से एक मगरमच्छ पकड़ा गया था। अब दूसरी बार मगरमच्छ मिलने की घटना ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बाद लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि आखिर गांव में बार-बार मगरमच्छ कहां से पहुंच रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बच्चों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर डर का माहौल है। उन्होंने वन विभाग से इलाके की नियमित निगरानी और स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मगरमच्छ को सुरक्षित रेस्क्यू कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़े जाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जा रही है ताकि किसी अन्य मगरमच्छ की मौजूदगी का भी पता लगाया जा सके।
रिपोर्टर: कुनाल सिंह सोलंकी
स्थान: एटा, उत्तर प्रदेश
