कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। लाडवा क्षेत्र के बडोंदी गांव में मकान का लेंटर गिरने से मलबे में दबकर पति-पत्नी की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह दंपति का बेटा रोज की तरह चाय लेकर कमरे में पहुंचा। वहां का मंजर देखकर वह स्तब्ध रह गया। कमरे का पूरा लेंटर गिर चुका था और उसके माता-पिता मलबे के नीचे दबे हुए थे। बेटे के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
ग्रामीणों ने हथौड़े और कटर की मदद से करीब आधे घंटे तक राहत कार्य चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। बाद में एंबुलेंस की सहायता से शवों को अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतकों की पहचान करनैल सिंह (50) और उनकी पत्नी जसविंद्र कौर (45) के रूप में हुई है। दोनों ठेके पर खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लगातार बारिश के कारण खेत की ओर बनी मकान की पिछली दीवार कमजोर होकर धंस गई। दीवार गिरने से उसके ऊपर टिका लगभग 15×15 फुट का कंक्रीट लेंटर भी भरभराकर नीचे आ गिरा, जिससे यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह लगातार बारिश के कारण दीवार का धंसना प्रतीत हो रही है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार परिवार पहले से ही कठिन दौर से गुजर रहा था। कुछ समय पहले उनकी एक बेटी की बाजू घास काटने वाली मशीन की चपेट में आने से कट गई थी। अब माता-पिता की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
