उत्तर प्रदेश: के बांदा में लगातार हो रही बारिश के बाद शहर की सड़कों पर जलभराव और बदहाल सड़क व्यवस्था को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने शहर की प्रमुख सड़कों पर बने गड्ढों में भरे पानी के बीच धान की रोपाई कर नगर पालिका और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर पालिका सड़क निर्माण और मरम्मत के नाम पर लाखों रुपये खर्च करने का दावा करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर सड़कें बदहाल हैं। उनका कहना था कि हर बारिश में शहर की मुख्य सड़कें तालाब में बदल जाती हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंची। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय विरोध को दबाने का प्रयास कर रही है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लगातार बारिश के कारण शहर की सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं और गड्ढों की वजह से दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका केवल सड़कों की “लीपापोती” कर सरकारी धन का दुरुपयोग कर रही है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि आगामी त्योहारों से पहले शहर की गड्ढायुक्त और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई, तो कांग्रेस व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी।
फिलहाल शहर में जलभराव और खराब सड़कों की समस्या लोगों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। स्थानीय नागरिक भी प्रशासन से जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।
