बहराइच। प्रदेश सरकार के गड्ढामुक्त सड़क अभियान के दावों की पोल विकास खंड विशेश्वरगंज में पहली ही बारिश ने खोल दी है। पुरैना बाजार–मोछद्धार संपर्क मार्ग और मन्नीताड़–खानपुर मालोह मार्ग पहली ही बरसात में जर्जर हो गए हैं। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और जलभराव से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ गया है।
ग्रामीणों के अनुसार पुरैना बाजार–मोछद्धार मार्ग पर हाल ही में गिट्टी लेपन का कार्य कराया गया था, लेकिन पहली बारिश में ही सड़क की परत उखड़ गई और कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए। इसी मार्ग से प्रसिद्ध ब्रह्मदेव बाबा मंदिर तक श्रद्धालु पहुंचते हैं, जहां प्रत्येक शनिवार को बड़ी संख्या में दर्शनार्थी आते हैं और प्रतिवर्ष विशाल भंडारे का आयोजन भी होता है। बदहाल सड़क के कारण श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं मन्नीताड़ चौराहे से खानपुर मालोह जाने वाला संपर्क मार्ग भी वर्षों से बदहाल स्थिति में है। सड़क पर गहरे गड्ढे और जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालकों के लिए सफर जोखिमभरा हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार लोक निर्माण विभाग से शिकायत करने के बावजूद न तो मरम्मत कराई गई और न ही अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान किया।
सोमवार को दोनों सड़कों की दुर्दशा से नाराज ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर सड़क निर्माण में हुई अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच, दोषी ठेकेदारों एवं संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई तथा दोनों मार्गों के गुणवत्तापूर्ण और स्थायी निर्माण की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के खिलाफ व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
विरोध प्रदर्शन में प्रदीप कुमार पाठक, शोभा राम विश्वकर्मा, राजन पाठक, वीरेंद्र कुमार पाठक, नागेंद्र कुमार, प्रमोद कुमार पाठक, मनोज कुमार पाठक, बालकराम यादव, अजीत पाण्डेय, लल्ला बाबा, लालमणि, धर्मेंद्र पाल, ननकऊ, सन्ने बाबा, दिनेश कुमार, विकास द्विवेदी, राममूर्ति, अजय गोस्वामी, कमलेश सोनी, पवन कुमार यादव, राजेश विश्वकर्मा, धनलाल विश्वकर्मा, सतीश चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
