बागपत: कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत बागपत में नए जिलाध्यक्ष की तलाश तेज हो गई है। आशीर्वाद गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव एवं बागपत संगठन सृजन प्रभारी सुभाषिनी यादव ने जिलाध्यक्ष के चयन को लेकर बड़ा बयान दिया।
सुभाषिनी यादव ने कहा कि राहुल गांधी की सोच स्पष्ट है कि कांग्रेस को जिलाध्यक्ष के रूप में ऐसा “रेस का घोड़ा” चाहिए, जो केवल दौड़े ही नहीं, बल्कि संघर्ष करे, चुनाव लड़े और जीत भी हासिल करे। उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसे मजबूत, सक्रिय और जुझारू नेतृत्व की तलाश में है, जो संगठन को मजबूती देने के साथ जनता के बीच कांग्रेस की आवाज प्रभावी ढंग से उठा सके।
उन्होंने बताया कि जिलेभर से जिलाध्यक्ष पद के लिए आवेदन मांगे गए हैं और सभी आवेदनों का मूल्यांकन किया जा रहा है। पार्टी संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से योग्य और सक्रिय कार्यकर्ता को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें याद किया गया।
