सीएम योगी आदित्यनाथ आज 758 करोड़ के विकास कार्यों की गोरखपुर को सौगात देंगे सीएम 5 सड़कों का लोकार्पण और 19 परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास
गोरखपुर में तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे का आज दूसरा दिन है सीएम आज 758 करोड़ रुपये से अधिक की 24 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे
मुख्यमंत्री बांसस्थान में आयोजित कार्यक्रम में 697 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से तैयार 5 सड़कों का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा सड़क निर्माण और पर्यटन विकास से जुड़ी 60 करोड़ 63 लाख 96 हजार रुपये की 19 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।
इन सभी परियोजनाओं का संबंध पिपराइच विधानसभा क्षेत्र से है। कार्यक्रम आज दोपहर बाद बांसस्थान में होगा। यहां मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
11.6 किमी भटहट-बांसस्थान फोरलेन का होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री जिन परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, उनमें भटहट-बांसस्थान फोरलेन सड़क सबसे अहम है। 11.6 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को फोरलेन में तब्दील किया गया है। सड़क चौड़ी होने से क्षेत्र की बड़ी आबादी को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। साथ ही प्रदेश के पहले आयुष विश्वविद्यालय पहुंचने वाले लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा
फोरलेन कनेक्टिविटी मिलने से आयुष विश्वविद्यालय में इलाज और अन्य सुविधाओं के लिए आने वाले लोगों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। वहीं, शिलान्यास होने वाली परियोजनाएं मुख्य रूप से सड़क और पर्यटन विकास से जुड़ी हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज राज्य के पहले, महायोगी गुरु गोरखनाथ राज्य आयुष विश्वविद्यालय का भी निरीक्षण और समीक्षा बैठक करेंगे। उनके द्वारा आयुष विश्वविद्यालय में पुरुष व महिला छात्रवास का लोकार्पण भी संभावित है। पुरुष छात्रावास का नामकरण ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की स्मृति में किया गया है जबकि महिला छात्रावास का नाम राप्ती रखा गया है। उल्लेखनीय है कि आयुष विश्वविद्यालय, सीएम योगी के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में से एक है। उन्होंने इस विश्वविद्यालय का शिलान्यास 28 अगस्त 2021 को तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों और लोकार्पण 1 जुलाई 2025 को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु के कर कमलों से कराया था
