एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले के सकीट थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट की घटना सामने आई। घटना के बाद कथित पथराव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की दुकानें एक-दूसरे के पास हैं। दिन में किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जो देर रात मारपीट में बदल गई। इसी दौरान एक पक्ष की ओर से कथित तौर पर पथराव किए जाने की बात सामने आई है।
घटना में घायल हुए एक व्यक्ति को पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सकीट पहुंचाकर चिकित्सीय परीक्षण और उपचार कराया।
वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस पथराव में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : कुनाल सिंह सोलंकी
स्थान : एटा
