सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के कमलापुर थाना क्षेत्र में नदी में नहाने गए एक बच्चे की डूबने से मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, घटना कमलापुर थाना क्षेत्र के गोविंदापुर गांव की है। बताया जा रहा है कि सत्येन्द्र अपने पांच अन्य बच्चों के साथ गांव के पास स्थित नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
सत्येन्द्र को डूबता देख उसके साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों और परिजनों को घटना की जानकारी मिली। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे पहुंच गए और बच्चे की तलाश शुरू कर दी।
सूचना मिलने पर कमलापुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी प्रयास के बाद बच्चे को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्टर : नन्द किशोर नाग
स्थान : सीतापुर (उत्तर प्रदेश)
