फतेहपुर। जिले के गाजीपुर थाना क्षेत्र के लमेहटा गांव में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया जब बारात के दौरान लाइसेंसी बंदूक से की गई फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बारातियों में हड़कंप फैल गया।
जानकारी के अनुसार, हुसैनगंज क्षेत्र से लमेहटा गांव बारात आई थी। इसी दौरान समारोह में मौजूद सुमित तिवारी नामक व्यक्ति कथित रूप से अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर रहा था। बताया जा रहा है कि ड्रोन की दिशा में फायरिंग करने से मना करने पर विवाद की स्थिति बनी और गोली चल गई।
फायरिंग की इस घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद आरोपी सुमित तिवारी अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और अधिकारियों को मामले की गहन जांच के निर्देश दिए। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद शादी समारोह का माहौल शोक में बदल गया। मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि घायलों के परिवारजन अस्पताल में उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
