उमरिया: मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में एक व्यवसायी ने कथित रंगदारी मांगने और झूठी शिकायतों के जरिए बदनाम करने का आरोप लगाया है। कबीर बिल्डकॉन के संचालक विनोद आहूजा ने उमरिया कोतवाली और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, उमरिया निवासी विकास सचदेव ने पहले विभिन्न विभागों में शिकायतें दर्ज कराईं। विनोद आहूजा का आरोप है कि शिकायतें वापस लेने के एवज में पहले उनसे 25 लाख रुपये और बाद में 50 लाख रुपये की मांग की गई। आरोप है कि रकम नहीं देने पर उन्हें झूठे मामलों में फंसाने और लगातार शिकायतें कर उनकी छवि खराब करने की धमकी दी गई।
विनोद आहूजा का दावा है कि उनके खिलाफ बड़ी संख्या में सीएम हेल्पलाइन और अन्य विभागों में शिकायतें की गईं। उनका कहना है कि मामला आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) तक पहुंचा, जहां जांच के बाद उन्हें राहत मिली और आरोप सही नहीं पाए गए।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इसके बाद दोबारा संपर्क कर कथित रूप से 50 लाख रुपये की मांग की गई। व्यवसायी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
लाइफलाइन: फिलहाल यह आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
