बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश मोनू को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। इस दौरान स्वाट टीम के एक दरोगा समेत दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। वहीं, गुलावठी और सिकंदराबाद थाना प्रभारियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी बदमाशों की गोली लगी, जिससे उनकी जान बच गई।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ गुलावठी थाना क्षेत्र के गांव छपरावत के पास हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि वांछित बदमाश अपने साथी के साथ इलाके में मौजूद है। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में 50 हजार का इनामी बदमाश मोनू मारा गया।
मारा गया आरोपी 1 अगस्त को ककोड़ थाना क्षेत्र में हुई नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या की वारदात में वांछित था। घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
मुठभेड़ के दौरान मोनू का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस द्वारा इलाके में सघन कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।
घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्तौल, दो मैगजीन, कारतूस और बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
एसएसपी बुलंदशहर दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में घायल पुलिसकर्मियों का इलाज कराया जा रहा है। फरार आरोपी की तलाश जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
