बुलंदशहर। जिले के गुलावठी से सटे ग्राम हुसैनपुर में शनिवार रात एक जंगली जानवर के हमले से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। जानवर ने एक किसान के घेर में घुसकर दो बकरों पर हमला कर दिया, जिसमें एक बकरे की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, किसान सादिक उर्फ टिंकू के घेर की पीछे की दीवार फांदकर जंगली जानवर अंदर घुस आया। इसके बाद उसने वहां बंधे दो बकरों पर हमला कर दिया। हमले में एक बकरे की गर्दन पूरी तरह नोचकर खा ली गई, जबकि दूसरे बकरे का कान और शरीर का कुछ हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
रविवार सुबह करीब 6 बजे जब परिवार के लोगों ने घेर में जाकर देखा तो घटना का पता चला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।
कुछ देर बाद वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने मौके पर मिले जंगली जानवर के पैरों के निशानों का निरीक्षण किया और उन्हें कैमरे में रिकॉर्ड कर जांच शुरू कर दी।
डिप्टी रेंजर विनोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मिले पैरों के निशान तेंदुए के नहीं लग रहे हैं। आशंका है कि हमला किसी अन्य जंगली जानवर ने किया है। फिलहाल वन विभाग मामले की जांच कर रहा है और जानवर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने एहतियात के तौर पर रात के समय पहरा बढ़ा दिया है और वन विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
