बुलंदशहर। जिले के पहासू थाना क्षेत्र में ओवरलोड ट्रकों की आवाजाही से स्कूल जाने का रास्ता बदहाल हो गया है। इससे परेशान स्कूली बच्चों और ग्रामीणों ने जिलाधिकारी (डीएम) से सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, नगला खेड़ा गांव के बच्चों का कहना है कि सोमना–पहासू मार्ग पर भारी संख्या में ओवरलोड ट्रक गुजरते हैं, जिससे सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। बरसात के दौरान हालात और खराब हो जाते हैं, जिससे स्कूल आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
परिजनों का आरोप है कि करीब 70 टन वजन लेकर चलने वाले ओवरलोड ट्रक लगातार सड़क को नुकसान पहुंचा रहे हैं। साथ ही, विरोध करने पर संबंधित ठेकेदार के लोगों द्वारा गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों और बच्चों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड वाहनों पर तत्काल रोक लगाई जाए और सड़क की मरम्मत कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
