बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश): बुलंदशहर में कांग्रेस नेत्री अर्चना पांडा ने पूर्व विधायक श्रीभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित पर घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। इस बीच, घटना से जुड़ा एक कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, मामला शिकारपुर बाईपास रोड स्थित ओल्ड आरटीओ ऑफिस के पास का है। शिकायत में अर्चना पांडा ने आरोप लगाया है कि वह अपने बेटे के साथ घर पर मौजूद थीं, तभी पूर्व विधायक श्रीभगवान शर्मा उनके घर पहुंचे और दरवाजा जोर-जोर से पीटते हुए शोर मचाने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला, आरोपी ने उन्हें धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और उनके साथ गाली-गलौज तथा अभद्र भाषा का प्रयोग किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने उनके बाल खींचे और मारपीट की।
अर्चना पांडा के मुताबिक, उनकी चीख-पुकार सुनकर घर का एक कर्मचारी मौके पर पहुंचा और मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि वीडियो बनता देख आरोपी वहां से पीछे हट गया। इसके बाद पीड़िता किसी तरह घर से बाहर निकलीं और पुलिस को सूचना दी।
कांग्रेस नेत्री ने यह भी आरोप लगाया है कि पूर्व विधायक और उनके परिवार की ओर से उन्हें तथा उनके बेटे को लगातार धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने पुलिस से अपने और अपने बच्चे की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग की है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि वह किसी भी लंबित न्यायालयीन मामले को वापस नहीं लेंगी।
उधर, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नोट: इस मामले में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच जारी है।
रिपोर्टर: चंदन सिंह
स्थान: बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश
