बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने एक जरूरतमंद छात्रा की मदद कर संवेदनशील प्रशासन की मिसाल पेश की है। राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास में रहकर ITI की पढ़ाई कर रही छात्रा नीतू की साइकिल चोरी हो जाने के बाद प्रशासन ने उसे नई साइकिल उपलब्ध कराई।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले छात्रावास परिसर से छात्रा की साइकिल चोरी हो गई थी। साइकिल उसके लिए ITI संस्थान, स्कूल और लाइब्रेरी आने-जाने का मुख्य साधन थी। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से होने के कारण नई साइकिल खरीदना उसके लिए संभव नहीं था। साइकिल चोरी होने के बाद उसे प्रतिदिन कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा था, जिससे उसकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी।
परेशान छात्रा ने अपनी समस्या लेकर जिलाधिकारी अविनाश सिंह से मुलाकात की। डीएम ने छात्रा की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रशासन की पहल पर छात्रा को नई साइकिल उपलब्ध करा दी गई। नई साइकिल मिलने के बाद छात्रा ने खुशी जताई और जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि किसी भी गरीब छात्र की शिक्षा संसाधनों की कमी के कारण प्रभावित नहीं होनी चाहिए। प्रशासन जरूरतमंद विद्यार्थियों की हरसंभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।
रिपोर्ट: प्रवीन कुमार शर्मा
स्थान: बरेली
