Bangladesh Concerns Rise as BJP Leads in Bengal Exit Polls
पश्चिम बंगाल: के एग्जिट पोल में बीजेपी की बढ़त के संकेतों के बीच बांग्लादेश में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। वहां के विपक्षी सांसद और जमात-ए-इस्लामी समर्थित नेता अख्तर होसैन ने भारत से संभावित घुसपैठ को लेकर चिंता जताई है।
अख्तर होसैन ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में एक बड़ी साजिश रची जा सकती है, जिसके तहत भारत से बड़ी संख्या में मुस्लिमों को निकालकर बांग्लादेश पर शरणार्थियों का दबाव डाला जा सकता है। हालांकि उन्होंने किसी खास क्षेत्र का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को असम और पश्चिम बंगाल के हालिया चुनावी माहौल से जोड़कर देखा जा रहा है।
एग्जिट पोल के अनुसार, असम में बीजेपी की जीत की संभावना जताई गई है, जबकि पश्चिम बंगाल में बीजेपी और सत्तारूढ़ टीएमसी के बीच कड़ा मुकाबला बताया जा रहा है। कुछ सर्वे बीजेपी को बढ़त में दिखा रहे हैं।
विपक्षी सांसद ने टीएमसी पर अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को शरण देने और मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप भी लगाया।
रोहिंग्या मुद्दे का जिक्र करते हुए होसैन ने कहा कि म्यांमार के रखाइन राज्य से आए रोहिंग्या मुसलमान पहले से ही बांग्लादेश में मौजूद हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में और बड़े पैमाने पर शरणार्थी संकट पैदा हो सकता है।
उनके बयान को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के अवैध घुसपैठियों को वापस भेजने वाले बयानों के संदर्भ में भी देखा जा रहा है।
अख्तर होसैन ने देशवासियों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि जैसे 1971 के स्वतंत्रता संग्राम और हाल के राजनीतिक आंदोलनों में देश एकजुट रहा, वैसे ही किसी भी बाहरी दबाव का सामना करने के लिए सभी को साथ आना होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेश को अपनी संप्रभुता और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाना चाहिए, खासकर ऐसे समय में जब क्षेत्रीय और भू-राजनीतिक परिस्थितियां जटिल बनी हुई हैं।
वहीं, संसद में विपक्ष के मुख्य सचेतक नाहिद इस्लाम नाहिद ने सीमा पर हो रही हिंसा और हत्याओं को लेकर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि हजारों लोगों को जबरन बांग्लादेश में धकेला जा चुका है और आने वाले समय में यह स्थिति और गंभीर हो सकती है।
