उज्जैन: चारधाम मंदिर, मीणा धर्मशाला के पास ऑटो स्टैंड संचालित करने वाले ऑटो चालकों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। चालकों ने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से संचालित उनके स्टैंड से उन्हें हटाया जा रहा है और वहां निजी वाहनों का संचालन कराया जा रहा है।
ऑटो चालकों का कहना है कि वे पिछले आठ वर्षों से इसी स्थान पर ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। उनका आरोप है कि अब नगर निगम और निजी स्टैंड संचालकों द्वारा वहां निजी वाहन खड़े कराए जा रहे हैं तथा उनसे अवैध वसूली की जा रही है। साथ ही उन्हें अपने ही स्टैंड पर ऑटो खड़ा करने से रोका जा रहा है, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है।
चालकों का कहना है कि उनके पास सभी आवश्यक और वैध परमिट मौजूद हैं। इसके बावजूद उन्हें स्टैंड पर संचालन की अनुमति नहीं दी जा रही है, जिससे आर्थिक संकट गहरा गया है और कई चालक वाहन की किश्तें तक नहीं चुका पा रहे हैं।
ऑटो चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें पूर्व की तरह चारधाम मंदिर के पास ऑटो स्टैंड के लिए निर्धारित स्थान उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
फिलहाल ऑटो चालकों का ज्ञापन प्रशासन को सौंप दिया गया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रशासन इस मामले में क्या निर्णय लेता है।
