अमरोहा: जनपद अमरोहा की हसनपुर पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए घर में हुई लाखों रुपये की चोरी का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से करीब 32 से 33 लाख रुपये के आभूषण तथा 1.05 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को हसनपुर थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह कई दिनों से घर से बाहर था। वापस लौटने पर घर में चोरी होने का पता चला। शिकायत के आधार पर थाना हसनपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए क्षेत्राधिकारी पंकज त्यागी और थाना प्रभारी अमरपाल सिंह के नेतृत्व में हसनपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा कर दिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनस, आसिफ और नूर मोहम्मद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अनस और आसिफ के खिलाफ पहले से एक-एक चोरी का मुकदमा दर्ज है, जबकि नूर मोहम्मद पर दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि चोरी हुए पीली और सफेद धातु के करीब 32 से 33 लाख रुपये मूल्य के आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। इसके अलावा, चोरी हुई 1 लाख 90 हजार रुपये की नकदी में से 1 लाख 05 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं। शेष सामान और नकदी की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
इस सफल कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक अमरोहा ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
रिपोर्ट: सतपाल सिंह मान
स्थान: हसनपुर, अमरोहा
