अमरोहा। जनपद के नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव गुलड़िया में हुए युवक हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त को 22 वर्षीय सुधांशु की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव के निर्देश पर मामले के शीघ्र खुलासे के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। एसपी और क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में पुलिस ने साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अरविंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
रुपये के लेन-देन के विवाद में हुई हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक के पिता और आरोपी के बीच रुपयों के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने कथित रूप से 315 बोर के तमंचे से सुधांशु को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
तमंचा और खोखा बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
