अंबेडकरनगर। जिले के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पीड़ित परिवार सदमे में है।
जानकारी के अनुसार, घटना गोहाना बाईपास से करीब एक किलोमीटर दूर पानी टंकी, धौराहरा इलाके की है। बताया जा रहा है कि परिवार के लोग बहू को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर गए थे। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोर अंदर घुस गए और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा नगदी चोरी कर फरार हो गए।
जब परिवार के सदस्य वापस लौटे तो घर का सामान बिखरा मिला और अलमारी से कीमती जेवरात व नकदी गायब थी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पीड़ित परिवार का कहना है कि चोरी हुए अधिकांश जेवरात बहू की शादी के थे। इतनी बड़ी चोरी से परिवार गहरे सदमे में है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। संदिग्धों की तलाश जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।
