उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में पट्टे की जमीन पर कथित अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। पीड़ित ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
मामला ललौली थाना क्षेत्र के ग्राम महाराजपुर, विकासखंड बहुआ का है। गांव निवासी रमेश चन्द्र रैदास, पुत्र स्वर्गीय रामशंकर रैदास, का आरोप है कि उनके पिता, चाचा और बाबा के नाम पर आबादी क्षेत्र में मकान निर्माण के लिए प्रशासन की ओर से पट्टा आवंटित किया गया था।
पीड़ित का आरोप है कि गांव के ही सोनू पासवान, राम प्रसाद पासवान और राममिलन पासवान ने उसी पट्टे की जमीन पर जबरन कब्जा कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया है।
रमेश चन्द्र का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। शिकायत पत्र में उन्होंने आरोप लगाया है कि विपक्षी दबंग प्रवृत्ति के हैं और अक्सर विवाद करते हैं।
पीड़ित ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पट्टे की जमीन से कथित अवैध कब्जा हटवाया जाए।
फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन की जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट: रिजवान उददीन
स्थान: फतेहपुर
