उरई। शहर के स्टेशन रोड क्षेत्र में कोचिंग संस्थानों के आसपास कुछ छात्रों की बढ़ती उद्दंडता को लेकर चर्चाएं तेज हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कोचिंग के आसपास छात्रों की भीड़ के बीच आए दिन कहासुनी और विवाद की स्थिति बनती रहती है। ऐसे में क्षेत्र में नियमित निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी किए जाने की जरूरत महसूस की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ कम उम्र के छात्र भी आपसी विवाद में दबंगई दिखाने से पीछे नहीं हट रहे हैं। हालात यह हैं कि मूंछें अभी ठीक से निकली भी नहीं हैं, लेकिन कमर से बेल्ट निकालकर रौब दिखाने के आरोप सामने आ रहे हैं। इससे अभिभावकों में भी चिंता का माहौल है।
इसी बीच एक छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आने की चर्चा है। आरोप है कि कुछ छात्रों ने एक छात्र को कोचिंग से उठाकर जीआईसी की पुरानी बिल्डिंग में ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि पूरे मामले की वास्तविक स्थिति और पुलिस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने आना बाकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टेशन रोड पर कोचिंग के समय निगरानी और पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनी रहे तो छात्रों की ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकता है। साथ ही अभिभावकों और कोचिंग संचालकों को भी छात्रों की गतिविधियों पर नजर रखने की जरूरत है, ताकि पढ़ाई के माहौल में किसी तरह का विवाद या मारपीट न हो।
