Aligarh: Sub-Inspector Killed in Tractor Collision While Carrying Cot on Bike to New Posting
अलीगढ़: से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसमें उत्तर प्रदेश पुलिस के 55 वर्षीय दरोगा वृषपाल सिंह की मौत हो गई। वह अपनी नई तैनाती के लिए बाइक से जा रहे थे, तभी रास्ते में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, दरोगा वृषपाल सिंह का हाल ही में तबादला लोधा थाने में हुआ था। वह अतरौली से अपना सामान लेकर लोधा जा रहे थे। बाइक पर उनका घरेलू सामान और एक चारपाई बंधी हुई थी। सासनी गेट थाना क्षेत्र में नगर निगम के एक बेकाबू ट्रैक्टर से चारपाई टकरा गई, जिससे संतुलन बिगड़ने पर वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दरोगा को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वृषपाल सिंह मूल रूप से मैनपुरी जिले के भवानीगढ़ के निवासी थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजन अलीगढ़ पहुंच गए और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
