Accused in West Bengal CM Aide Murder Case Arrested in Muzaffarnagar
मुजफ्फरनगर: पश्चिम बंगाल के चर्चित चंद्रनाथ राय हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए सीबीआई और मुजफ्फरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को हरिद्वार से लौटते समय थाना छपार क्षेत्र के टोल प्लाजा से दबोचा गया।
जानकारी के मुताबिक पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ राय की 6 मई 2026 को हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड की जांच सीबीआई की स्पेशल क्राइम टीम कर रही है।
सीबीआई के डिप्टी एसपी राजेश कुमार ने मुजफ्फरनगर पुलिस को सूचना दी थी कि मामले से जुड़ा आरोपी हरिद्वार से होकर गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर थाना छपार पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी और सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी को छपार टोल प्लाजा से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार सिंह निवासी बलिया जिले के रातोंपुर गांव के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पश्चिम बंगाल में हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे ट्रांजिट रिमांड पर सीबीआई को सौंप दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने कहा कि गंभीर अपराधों के मामलों में पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां मिलकर लगातार कार्रवाई कर रही हैं और अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
