वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पर रविवार सुबह सुरक्षा जांच के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से कथित रूप से अचानक गोली चलने की घटना में दो सुरक्षा सहायक घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ निवासी कमलेश राय (55) अपनी पत्नी सुषमा राय (50) के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX1810 से वाराणसी से मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। बताया गया कि उनके ट्रैवलिंग बैग में उनकी लाइसेंसी पिस्टल भूलवश रह गई थी।
सुरक्षा जांच के दौरान पिस्टल से जुड़े कारतूसों की गिनती (राउंड काउंटिंग) के समय कथित रूप से अचानक फायर हो गया। पुलिस के अनुसार, गोली रिकोशिट (टकराकर उछलने) के बाद चेकिंग में तैनात AICLAS की सुरक्षा सहायक सुमन कुमारी की दोनों जांघों तथा सुरक्षा सहायक रोहित राज के बाएं हाथ में जा लगी।
घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को हरहुआ स्थित लक्ष्मी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति फिलहाल स्थिर है।
घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। पूरे मामले की जांच की जा रही है कि गोली किन परिस्थितियों में चली और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किस प्रकार किया गया था।
