Dozens of crows die in Bhagalpur's Sandis Compound, raising fears of bird flu
भागलपुर शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थल सैंडिस कंपाउंड में दर्जनों कौवों की अचानक मौत से पूरे इलाके में दहशत और चिंता का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार स्विमिंग पूल के ठीक सामने कई मृत कौवे पड़े मिले, जिसके बाद सुबह टहलने आने वाले लोगों में भय का वातावरण फैल गया।बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले नवगछिया क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में पक्षियों की मौत की घटना सामने आई थी।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने संभावित बर्ड फ्लू को लेकर आशंका और बढ़ा दी है। हालांकि अभी तक प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।सुबह की ताजी हवा लेने और व्यायाम के लिए सैंडिस कंपाउंड पहुंचने वाले लोगों का कहना है कि खुले मैदान में इस तरह पक्षियों की मौत होना गंभीर चिंता का विषय है।
लोगों ने प्रशासन से जल्द जांच कराने और मृत पक्षियों को सुरक्षित तरीके से हटाने की मांग की है, ताकि किसी संभावित संक्रमण को रोका जा सके।स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि घटना के बाद भी न तो जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची है और न ही स्मार्ट सिटी या नगर निगम के स्तर पर कोई त्वरित कार्रवाई दिखाई दे रही है।
डर के कारण कई लोगों ने फिलहाल उस इलाके में जाना कम कर दिया है स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि यदि पक्षियों की असामान्य मौत हो रही है तो तुरंत पशुपालन विभाग और स्वास्थ्य विभाग को सैंपल जांच करानी चाहिए। समय रहते जांच और सतर्कता बरती जाए तो किसी बड़े खतरे को टाला जा सकता है।अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि प्रशासन इस मामले में कब संज्ञान लेता है और क्या बर्ड फ्लू की आशंका की पुष्टि के लिए वैज्ञानिक जांच कराई जाती है शहरवासियों की नजरें फिलहाल प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं
