सीतापुर: जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और बढ़ते जलस्तर के बीच जिलाधिकारी ने शनिवार को रेउसा क्षेत्र का दौरा कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रेउसा का निरीक्षण किया और अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी चिकित्सकों एवं स्टाफ नर्स से ली। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि खराब मौसम के दौरान अस्पताल में नियमित रूप से मौजूद रहकर मरीजों को समय पर उपचार और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
लगातार बारिश के कारण आवागमन प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए डीएम ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए भोजन और स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इसके साथ ही उन्होंने खंड विकास अधिकारी को अस्पताल परिसर और आसपास जलभराव की स्थिति पर विशेष निगरानी रखने तथा जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अस्पताल निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने रेउसा के मुख्य चौराहे का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बारिश के कारण उत्पन्न हालात और यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन ने लगातार हो रही बारिश को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और राहत एवं आवश्यक सेवाएं सुचारु रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए हैं।
रिपोर्ट: नन्द किशोर नाग
स्थान: सीतापुर
