सीतापुर: जिले में पिछले 56 घंटों से लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। महोली थाना क्षेत्र के अल्लीपुर गांव में पेड़ के साथ एक विद्युत पोल युवक के ऊपर गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण एक पेड़ बिजली के पोल पर गिर गया। पेड़ के दबाव से विद्युत पोल टूटकर नीचे खड़े युवक के ऊपर आ गिरा। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
परिजन घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए सीतापुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण जिले में इस तरह की घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान बिजली के खंभों, पेड़ों और जर्जर संरचनाओं से दूर रहने की अपील की है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं।
रिपोर्ट: नन्द किशोर नाग
स्थान: सीतापुर
