एटा: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना कोतवाली नगर क्षेत्र की नई बस्ती की है। जानकारी के अनुसार, आदित्य पुत्र करू पंडित घर के एक कमरे में थे। इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो युवक खून से लथपथ पड़ा मिला।
परिजन आनन-फानन में उसे बचाने का प्रयास करने लगे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस साक्ष्य जुटा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
रिपोर्ट: कुनाल सिंह सोलंकी
स्थान: एटा
