एटा: जिले में लगातार हो रही बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। अलग-अलग क्षेत्रों में मकान और छतें गिरने, पेड़ टूटने तथा पशुधन के नुकसान की कई घटनाएं सामने आई हैं। हालांकि इन हादसों में किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है।
मिलावली गांव में एक मकान की छत अचानक गिर गई, जिससे मलबे में दबकर चार बकरियों की मौत हो गई। इस हादसे से किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
वहीं मरजादपुर गांव में विधवा रामवती का पक्का मकान भरभराकर ढह गया। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि मकान में रखा घरेलू सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया।
हतसारी गांव में भी एक मकान की छत गिरने की घटना सामने आई। गनीमत रही कि परिवार के सदस्य उस समय दूसरे कमरे में मौजूद थे, जिससे सभी सुरक्षित बच गए।
उधर जिनावली गांव में भारी बारिश के कारण एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पेड़ हटवाकर यातायात सामान्य कराने का काम शुरू किया।
इन घटनाओं के बाद प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर आर्थिक सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: कुनाल सिंह सोलंकी
स्थान: एटा
