फतेहपुर: जिले के ललौली क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर मौजूद थे, लेकिन समय रहते बाहर निकल जाने से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, विकाश पुत्र मोतीलाल धोबी का कच्चा मकान शुक्रवार रात अचानक ढह गया। लगातार बारिश के कारण मकान की दीवारें और छत कमजोर हो चुकी थीं, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
मकान गिरने से घर में रखा गृहस्थी का अधिकांश सामान मलबे में दब गया। हालांकि, घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
हादसे के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित ने जिला प्रशासन से नुकसान का आकलन कर आर्थिक सहायता और राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में कई कच्चे मकान खतरे की स्थिति में हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे मकानों का सर्वे कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
रिपोर्ट: रिजवान उददीन
स्थान: ललौली, फतेहपुर
