हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में नाबालिग प्रेमी-प्रेमिका के संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों के शव अतरौली थाना क्षेत्र के सारंगपुर गांव में फंदे से लटके मिले।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग होने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे किशोरी घर से निकली थी।
कुछ देर बाद किशोर के परिजनों की नजर उसके मोबाइल पर लगाए गए सोशल मीडिया स्टेटस पर पड़ी, जिसके बाद दोनों की तलाश शुरू की गई।
तलाश के दौरान दोनों के शव मिलने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) सुबोध गौतम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
इस घटना ने इलाके में कई सवाल खड़े कर दिए हैं और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है।
रिपोर्ट: दिनेश राजपूत
स्थान: हरदोई
