कौशाम्बी: उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 23 वर्षीय रामू पाल के रूप में हुई है, जो चरवा थाना क्षेत्र के पकसराई गांव के रहने वाले थे।
परिजनों के अनुसार, रामू पाल दिल्ली में वाहन चालक के रूप में काम करते थे। बताया गया कि वह 23 सितंबर को अपनी कंपनी से निकलने के बाद लापता हो गए थे। काफी तलाश के बाद उनका शव संदीपन घाट थाना क्षेत्र के जीवनगंज मरधरा के पास संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने रामू पाल की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि मृतक का मोबाइल फोन भी गायब है, जिससे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
