उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में एक कथित झोलाछाप डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने से युवक की हालत गंभीर होने का आरोप लगा है।
मामला तालगांव थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव का बताया जा रहा है। पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी से शिकायत कर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।परिजनों के अनुसार, युवक को फोड़ा होने पर इलाज के लिए परसेंडी स्थित आकाश नाम के एक कथित डॉक्टर के पास ले जाया गया था।
आरोप है कि फोड़े के ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर ने युवक को इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।परिजनों का दावा है कि इंजेक्शन लगने के बाद युवक के कमर के नीचे का हिस्सा बेजान हो गया और पैरों में रक्त संचार भी प्रभावित हुआ। वर्तमान में युवक जिला अस्पताल में भर्ती है और चलने-फिरने तथा उठने-बैठने में असमर्थ बताया जा रहा है।
पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने संबंधित डॉक्टर से इलाज की बात की, तो उन्हें कथित तौर पर धमकी दी गई।फिलहाल मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की गई है। अधिकारियों का कहना है कि चिकित्सकीय जांच और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की हालत बिगड़ने के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। वहीं, लगाए गए आरोपों की पुष्टि भी जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
रिपोर्ट: नन्द किशोर नागस्थान: सीतापुर
⁷
