उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में मकनपुर रोड पर एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान राजकिशोर उर्फ राजू (45 वर्ष), निवासी देववा गांव, के रूप में हुई है। वह पिछले करीब 20 से 22 वर्षों से बिल्हौर में कॉस्मेटिक की दुकान संचालित करते थे।
घटनास्थल से मृतक की साइकिल भी बरामद हुई है। पुलिस ने बताया कि शव के पास ही मृतक का सिर भी मिला, जिसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी गई है।
पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: चंदन सिंह
स्थान: कानपुर नगर
