उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के सहार थाना क्षेत्र के इंदपामऊ गांव में एक युवक का शव बंद कमरे के अंदर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, युवक की मां अपने एक बीमार रिश्तेदार को देखने कानपुर गई हुई थीं। शाम को घर लौटने पर उन्होंने देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद जब दरवाजा नहीं खुला, तो ग्रामीणों की मदद से दरवाजा खोला गया।
दरवाजा खुलते ही कमरे के अंदर युवक का शव पंखे से फंदे के सहारे लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक का माहौल फैल गया।
घटना की सूचना पर सहार थाना प्रभारी गणेश गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतक की मां पंचायत भवन में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। फिलहाल युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट: आशुतोष अवस्थी
स्थान: औरैया
