जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के बक्शा थाना क्षेत्र में हाईवे पर हुई 41 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बक्शा थाना पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में मामले के मुख्य आरोपी अभिनव सिंह उर्फ चंदन को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 35 लाख रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार, एक पिट्ठू बैग तथा पीड़ित के फोटो और आधार कार्ड की छायाप्रति बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 5 सितंबर की रात पीड़ित जयपाल शर्मा अपने एक परिचित के जमानत बॉन्ड के सिलसिले में 41 लाख रुपये लेकर जा रहे थे। इसी दौरान आरोपी अभिनव सिंह और उसके साथी उपदेश पाठक को इस रकम की जानकारी हुई। पुलिस का दावा है कि दोनों ने मिलकर लूट की साजिश रची।
आरोप है कि दोनों ने पीड़ित को अपनी कार में बैठाया और बक्शा-बदलापुर मार्ग स्थित टोल प्लाजा के पास उसे डराकर-धमकाकर तथा धक्का देकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी अभिनव सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका कथित साथी उपदेश पाठक, निवासी सुलतानपुर, अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी और लूटी गई शेष रकम की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेजा जा रहा है।
रिपोर्ट: इम्तियाज नदवी
स्थान: जौनपुर, उत्तर प्रदेश
