एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक घर के अंदर कोबरा सांप निकलने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। समय रहते पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल परिवार को सुरक्षित बचा लिया गया, बल्कि कोबरा का भी सफल रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार, जैथरा थाना क्षेत्र के पुरुषारी गांव में एक घर के कमरे में कुंडली मारकर बैठे कोबरा को देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी।
सूचना मिलते ही पीआरवी-7236 और धुमरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने पूरी सावधानी बरतते हुए कोबरा का सफल रेस्क्यू किया। आरक्षी पुष्पेंद्र चौधरी और होमगार्ड चालक मानिक चंद ने कोबरा को सुरक्षित तरीके से एक डिब्बे में बंद किया।
रेस्क्यू के बाद पुलिस टीम कोबरा को आबादी से दूर जंगल में ले गई, जहां उसे सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया।
पुलिस की तत्परता से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। परिवार ने राहत की सांस लेते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट: कुनाल सिंह सोलंकी
स्थान: एटा, उत्तर प्रदेश
