एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में दो लाख रुपये की फिरौती के लिए रची गई कथित अपहरण की कहानी की जांच के दौरान पुलिस ने फर्जी यूनिवर्सिटी और मेडिकल कॉलेज संचालित किए जाने के आरोपों का बड़ा खुलासा किया है। मामले में मारहरा थाना पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती सूचना अपहरण और फिरौती की थी, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर एक ऐसे नेटवर्क का खुलासा हुआ, जो कथित तौर पर डी.फार्मा, बी.फार्मा, नर्सिंग और बीएएमएस जैसे पाठ्यक्रमों में दाखिले के नाम पर छात्रों से धनराशि वसूल रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए हैं। इनमें कथित फर्जी मार्कशीट, आईडी कार्ड, उपस्थिति रजिस्टर, फीस रसीदें, प्रश्न पत्र, लैपटॉप, फर्जी मोहरें और यूनिवर्सिटी कोड वाले प्रचार पंपलेट शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह नेटवर्क वर्ष 2022 से संचालित होने की बात सामने आई है। बरामद दस्तावेजों की जांच की जा रही है और संबंधित संस्थानों की वैधता भी खंगाली जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है और जांच के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने की संभावना है।
रिपोर्ट: कुनाल सिंह सोलंकी
स्थान: एटा, उत्तर प्रदेश
